Patna, Bihar, India An Education Community Initiative

छात्र गाथा 2021-मिनी मैराथन

छात्र गाथा 2021-मिनी मैराथन

चाची की बेटी से मांगी जूते,फुआ से जेगिंग्स और सरकारी विद्यालय के वर्ग 8 की छात्रा आरती कुमारी ने जीत लिया पूसा मिनी मैराथन 2021।

राजकीय बुनियादी विद्यालय बखरी, प्रखण्ड- मुरौल, जिला- मुजफ्फरपुर की छात्रा ने पूसा मिनी मैराथन 2021 (डेढ़ किलोमीटर) प्रतियोगिता जीतकर मुजफ्फरपुर सहित पूरे बिहार राज्य का नाम रौशन किया।

डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा स्थित हॉस्पिटल चौक मैदान में रविवार को 'फ्यूचरिंग स्पोर्टस' के संयोजक मनीष कुमार, कोच रोहन कुमार, रेफरी तरुण कुमार के सौजन्य से पूसा मिनी मैराथन 2021 का आयोजन किया गया। जिसमें डेढ़ किलोमीटर, तीन किलोमीटर एवं दस किलोमीटर के लिए मैराथन आयोजित की गई। जिसमें बालक एवं बालिका वर्ग ने हिस्सा लिया। इस मैराथन में बिहार सहित अन्य राज्य झारखंड, उड़ीसा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा के बालक एवं बालिका प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस मिनी मैराथन में मुरौल प्रखण्ड स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय बखरी के बच्चों ने भी विद्यालय के शिक्षक केशव कुमार के कुशल निर्देशन में भाग लिया। 

chhatr gatha

   पूसा मिनी मैराथन 2021 का उद्घाटन डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के पूर्व कुलपति डॉ गोपाल जी त्रिवेदी के द्वारा किया गया। सफल प्रतिभागियों में दस किलोमीटर एवं तीन किलोमीटर के विजेता बिहार के अन्य राज्य झारखण्ड एवं उड़ीसा से हुए एवं डेढ़ किलोमीटर के लिए आयोजित मैराथन बालिका वर्ग की विजेता बिहार के राजकीय बुनियादी विद्यालय बखरी, प्रखण्ड- मुरौल, जिला- मुजफ्फरपुर की छात्रा आरती कुमारी घोषित हुई। विजेता प्रतिभागियों को कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि पूर्व कुलपति डॉ गोपाल जी त्रिवेदी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी पूसा, प्रखण्ड प्रमुख पूसा, जिला पार्षद समस्तीपुर, एनसीसी के कमांडर सहित अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में चेक सौंपा गया।

 बुनियादी विद्यालय बखरी, प्रखण्ड मुरौल की छात्रा आरती कुमारी को डेढ़ किलोमीटर के लिए आयोजित मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त करने के उपलक्ष्य में 3000/- को चेक एवं मेडल प्रदान किया गया। साथ ही इसी विद्यालय की छात्रा सलोनी कुमारी, छात्र बृजेश कुमार एवं धीरज कुमार को टॉप टेन में आने के कारण अतिथियों के द्वारा पुरस्कृत किया गया। विद्यालय के शिक्षक केशव कुमार जिनके सफल निर्देशन में बच्चों ने मैराथन में परचम लहराया उन्होंने कहा कि विद्यालय की छात्रा आरती कुमारी के पिता जितेंद्र कुमार महतो गांव में मेहनत मजदूरी करते हैं। मां सरिता देवी गृहिणी हैं। इसका एक भाई है। इसके पिता की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं रहने के कारण यह अन्य गतिविधियों में बढ़-चढ़ कर भाग नहीं ले पाती है। लेकिन खेल की गतिविधि में रुचि रहने के कारण शिक्षक केशव कुमार के द्वारा आरती कुमारी को मिनी मैराथन डेढ़ किलोमीटर की प्रतिस्पर्धा में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। आर्थिक स्थिति सुदृढ़ नहीं रहने के कारण छात्रा आरती कुमारी मैराथन में भाग लेने के लिए जूता अपनी चाचा की बेटी से, पहनने के लिए जैगिंग्स अपनी फुआ से ली। इस प्रकार अन्य लोगों के सहयोग से आरती कुमारी ने पूसा मिनी मैराथन 2021 डेढ़ किलोमीटर प्रतिस्पर्धा में भाग लेकर अपने विद्यालय, प्रखण्ड, जिला सहित पूरे राज्य के तरफ से प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अखिलेश प्रसाद सिन्हा, शिक्षक केशव कुमार, रामबाबू राय, राजकुमार सिंह, शिक्षिका विमल कुमारी, अनिता कुमारी सहित पूरी टीचर्स ऑफ बिहार टीम  ने भी विजेता प्रतिभागी छात्रा आरती कुमारी को बधाई दिया एवं उसके उज्जवल भविष्य की मंगल कामना की।

 

लेख साभार: 

 केशव कुमार

राजकीय बुनियादी विद्यालय बखरी, प्रखण्ड- मुरौल, जिला- मुजफ्फरपुर 

 

Published by Shivendra Prakash · 20 March 2020
Shivendra Prakash Shivendra Prakash IT-Expert Shivendra Prakash Suman is an experienced IT professional and software architect with over a decade …

Share your comment