Patna, Bihar, India An Education Community Initiative

उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, रसुआर

उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, रसुआर

उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, रसुआर, जो प्रखंड मरौना, जिला सुपौल (बिहार) में स्थित है। इसकी स्थापना वर्ष 1962में एक प्राथमिक विद्यालय के रूप में हुई थी। समय के साथ यह निरंतर प्रगति करता गया – पहले मध्य विद्यालय, फिर 2015 में माध्यमिक स्तर तक उत्क्रमित हुआ, और अंततः 2023 में यह उच्च माध्यमिक विद्यालय के रूप में प्रतिष्ठा प्राप्त कर चुका है।

आज इस विद्यालय में कक्षा 1 से 12वीं तक की पढ़ाई अत्यंत सुव्यवस्थित और आकर्षक ढंग से संचालित होती है। यद्यपि यह विद्यालय बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में स्थित है, फिर भी यह अपने पंचायत क्षेत्र में निरंतर शैक्षणिक और सामाजिक प्रगति के पथ पर अग्रसर है। यहां के छात्र हर वर्ष पॉलीटेक्निक, आई.टी.आई., तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाते हैं।

विद्यालय चारों ओर हरियाली से घिरे खेतों के बीच स्थित है। इसके रास्ते और भूमि का अधिग्रहण ग्रामीणों के सहयोग से किया गया था, जो सामुदायिक एकता का सुंदर उदाहरण है। विद्यालय परिसर में कार्यालय, शिक्षक प्रकोष्ठ, विज्ञान प्रयोगशाला, आनंदमयी कक्ष, कंप्यूटर लैब, तथा उन्नयन कक्षा(डिजिटल और सिमुलेशन लैब ) जैसी व्यवस्थाएँ सुचारू रूप से संचालित हैं, जिससे विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार सीखने और प्रयोग करने का अवसर मिलता है।

विद्यालय का विशाल खेल मैदान बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने में सहायक है। खेल-कूद की सभी आवश्यक सामग्रियाँ उपलब्ध हैं, जिससे छात्र-छात्राएँ विभिन्न खेलों में सक्रिय भाग लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहते हैं। हमारा विद्यालय हरे-भरे पेड़ों और रंग-बिरंगे फूलों से सजा हुआ है, जिनकी सुगंध पूरे वातावरण को ताजगी से भर देती है। जल और स्वच्छ शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था है, जिससे स्वच्छता वातावरण बना रहता है।

वर्ष 2022 में विद्यालय को बिहार शिक्षा परियोजना के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में ओवरऑल उत्कृष्टता प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ, जो इसकी निरंतर प्रगति और समर्पण का प्रमाण है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री राज कुमार के नेतृत्व में नियमित रूप से योग, ध्यान, और खेलकूद कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता और जीवन कौशल का विकास होता है। सचमुच, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, रसुआर न केवल शिक्षा का केंद्र है, बल्कि यह हमारे क्षेत्र की गौरवगाथा का प्रतीक भी है।

Published by Anupama · 01 November 2025
Anupama Anupama R.U.M.S. DUDHAHAN I am a dedicated and innovative Science and Mathematics Teacher with experience in teaching students…

Share your comment