Patna, Bihar, India An Education Community Initiative
TEACHERS OF BIHARLearning. Sharing. Inspiring.
The person behind the profile

About me

मैं केशव कुमार, प्राथमिक विद्यालय मोहनपुर उर्दू, मुरौल, मुजफ्फरपुर, बिहार में प्रधान शिक्षक हूँ। मेरी शिक्षकीय यात्रा इस विश्वास पर आधारित है कि प्रत्येक बच्चे को उसकी सामाजिक एवं आर्थिक पृष्ठभूमि से परे भयमुक्त, समावेशी, आनंददायक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण मिलना चाहिए।

मैंने बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान (FLN), दक्षताआधारित शिक्षण, प्रोजेक्ट आधारित अधिगम (PBL), गतिविधि आधारित एवं अनुभवात्मक शिक्षण, ICT तथा कम लागत वाली शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) के प्रभावी उपयोग पर विशेष रूप से कार्य किया है। स्मार्ट टीवी, प्रोजेक्टर, टैबलेट, डिजिटल कंटेंट एवं स्थानीय संसाधनों को शिक्षण प्रक्रिया से जोड़कर कक्षा को अधिक रोचक एवं सहभागितापूर्ण बनाने का प्रयास किया।

विद्यालय में बाल संसद, मीना मंच, योग, खेलकूद, बैगलेस शनिवार, सुरक्षित शनिवार, सांस्कृतिक गतिविधियाँ, शिक्षक-अभिभावक सहभागिता, स्वास्थ्य एवं पोषण कार्यक्रम तथा सामाजिक जागरूकता अभियानों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर कार्य किया। समुदाय एवं विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से पुस्तकालय, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता, खेल एवं डिजिटल शिक्षण सुविधाओं को सुदृढ़ किया। पूर्व विद्यालय अर्थात राजकीय बुनियादी विद्यालय बखरी, मुरौल, मुजफ्फरपुर में कार्यकाल के दौरान 1000 से अधिक विद्यार्थियों के नामांकन में सक्रिय योगदान दिया तथा विद्यार्थियों ने NMMSS सहित विभिन्न शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त कीं।

मेरे सेवाकाल में वर्ष 2021 एवं 2024 में जिला शिक्षक पुरस्कार तथा वर्ष 2026 में राजकीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ये सम्मान मेरे लिए शिक्षण, नवाचार, नेतृत्व एवं विद्यालय विकास के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता की प्रेरणा हैं।

विद्यालय से आगे प्रखंड, जिला एवं राज्य स्तर पर Resource Person, District Resource Person एवं Master Trainer के रूप में शिक्षक क्षमता निर्माण में योगदान दिया। FLN, चहक, जीवन कौशल, PBL, विद्यालय सुरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं अन्य शैक्षणिक कार्यक्रमों में प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। जिला स्तर पर DIKSHA के माध्यम से 1,386 प्रारंभिक विद्यालयों में साक्ष्य-आधारित Micro Improvement Projects के क्रियान्वयन में नेतृत्वकारी भूमिका निभाई।

राज्य स्तर पर Holistic Progress Card, Item Bank, FLN Toolkit, पाठ्यपुस्तक समीक्षा, विद्यालय सुरक्षा सामग्री तथा अन्य शैक्षणिक पहलों से संबंधित कार्यशालाओं में योगदान दिया। PM eVIDYA के लिए शैक्षणिक ई-कंटेंट निर्माण तथा Teachers of Bihar के माध्यम से शिक्षक व्यावसायिक अधिगम को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाई।

राष्ट्रीय स्तर पर PM eVIDYA के लिए ई-कंटेंट निर्माण, Cyber Safety and Security में शिक्षक क्षमता निर्माण तथा NCSL-NIEPA के माध्यम से विद्यालयी नेतृत्व एवं नवाचारों की प्रस्तुति का अवसर प्राप्त हुआ। मेरे विद्यालय का कार्य Aga Khan Foundation के वैश्विक School 2030 कार्यक्रम से भी जुड़ा, जिसके माध्यम से विद्यालय के नवाचारों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहचान मिली।

मेरी प्रमुख व्यावसायिक रुचियों में शैक्षणिक नेतृत्व, शिक्षक व्यावसायिक विकास, FLN, डिजिटल शिक्षा, नवाचारी शिक्षण, विद्यालय-समुदाय सहभागिता, पर्यावरण शिक्षा, विद्यार्थी नेतृत्व तथा शैक्षणिक नवाचारों का दस्तावेजीकरण शामिल है।

मेरे लिए शिक्षण केवल एक पेशा नहीं, बल्कि बच्चों को सशक्त बनाने, शिक्षकों को आगे बढ़ाने और समाज के प्रति सार्थक योगदान देने का माध्यम है। मैं निरंतर सीखने, प्रयोग करने, सहयोग करने और अपने अनुभवों को व्यापक शिक्षक समुदाय के साथ साझा करने का प्रयास करता हूँ, ताकि सरकारी विद्यालयी शिक्षा अधिक समावेशी, नवाचारी, तकनीक-सक्षम एवं बाल-केंद्रित बन सके।