सुरक्षित शनिवार और बैगलेस डे - 32
1. सुरक्षित शनिवार : शीतलहर से खतरे एवं बचाव के उपाय
इस शनिवार की मुख्य गतिविधि का उद्देश्य बच्चों को शीतलहर के कारणों, उससे होने वाले स्वास्थ्य संबंधी खतरों तथा बचाव के व्यावहारिक उपायों के प्रति जागरूक करना है। शिक्षक प्रार्थना सभा में बच्चों से संवाद स्थापित कर शीतलहर का परिचय देंगे तथा इसके लक्षणों की जानकारी देंगे।
लगातार कंपकंपी होना, हाथ-पैर सुन्न पड़ना, अत्यधिक थकान, कमजोरी, बोलने में कठिनाई एवं भ्रम जैसी स्थितियाँ शीतलहर के खतरे के संकेत हो सकते हैं। बच्चों को स्वेटर, जैकेट, टोपी, मफलर, दस्ताने और मोजे पहनने तथा शरीर को गर्म रखने के लिए कपड़ों की कई परतें इस्तेमाल करने की जानकारी दी जाएगी।
गतिविधियों में सही कपड़ों का चुनाव, सही-गलत पहचान, परिस्थिति आधारित अभिनय तथा शीतलहर सुरक्षा पोस्टर निर्माण शामिल हैं। बच्चों को बंद कमरे में अंगीठी नहीं जलाने, घने कोहरे में सड़क सुरक्षा का ध्यान रखने और जरूरतमंदों की सहायता करने का संदेश दिया जाएगा। अंत में सभी बच्चे शीतलहर से बचाव का संकल्प लेंगे। शिक्षकों को गंभीर लक्षण दिखने पर तत्काल चिकित्सा सहायता लेने तथा आपातकालीन नंबर 112 की जानकारी देने का निर्देश है।
2. बैगलेस डे : छोटे खेल (आइस ब्रेकर्स)
बैगलेस डे का उद्देश्य बच्चों की झिझक दूर करना, आपसी संवाद बढ़ाना तथा कक्षा में आनंददायक वातावरण बनाना है। इस अवसर पर छोटे-छोटे खेलों के माध्यम से बच्चों में संवाद, टीमवर्क, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामाजिक जुड़ाव जैसे कौशल विकसित किए जाएंगे।
शिक्षक 4-6 बच्चों के समूह बनाकर छोटे नाटक, भूमिका अभिनय और 'कौन हूँ मैं?' जैसे रोचक खेल आयोजित कर सकते हैं। बच्चों को 10-15 मिनट अभ्यास का समय देकर प्रत्येक समूह को 3-5 मिनट की प्रस्तुति का अवसर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त 5-10 मिनट में खेले जा सकने वाले सरल खेलों का आयोजन भी किया जा सकता है।
शिक्षक सभी बच्चों की भागीदारी, सुरक्षा एवं अनुशासन सुनिश्चित करेंगे तथा गतिविधि के बाद बच्चों से उनके अनुभव साझा करवाएंगे।
